आज हरियाणा के इन 13 जिलों में होगी बारिश, फसलों को फायदा होने से खिले किसानों के चेहरे
हिसार :- नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वीरवार सुबह अंबाला, हिसार, करनाल, पानीपत, सिरसा, झज्जर, जींद, फतेहाबाद, बहादुरगढ़, कैथल, यमुनानगर, रोहतक और गुरुग्राम में बारिश हुई। इससे फसलों को फायदा होगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक मार्च तक प्रदेश में वर्षा होने का अनुमान जताया है। वीरवार को ओलावृष्टि की भी संभावना व्यक्त की गई थी, लेकिन ओले न गिरने से किसानों ने राहत की सांस ली।
ओरेंज अलर्ट जारी
मौसम में बदलाव से दिन के तापमान में भी 7 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को हिसार का तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन वीरवार को 22.3 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान में बढ़ोतरी फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती थी, लेकिन बूंदाबांदी से किसानों की उम्मीदें बढ़ी हैं। मौसम विज्ञानियों ने 28 फरवरी के लिए प्रदेश में वर्षा का ओरेंज अलर्ट जारी किया है।
गेहूं, सरसों, चना, जौ की फसल को होगा फायदा
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ गेहू विशेषज्ञ डा. ओपी बिश्नोई ने बताया कि यह बूंदाबांदी फसलों के लिए फायदेमंद है। अभी पछेती फसलों में किसानों ने पानी लगाना है। एक मार्च तक वर्षा की संभावना के चलते अभी फसल में पानी नहीं लगाना चाहिए। गेहूं की फसल की बालियां निकल रही है। ऐसा मौसम और तापमान बना रहा तो इस बार गेहूं की फसल काफी बेहतर होगी। सरसों, चना, जौ की फसल में भी यह वर्षा फायदेमंद है।