आज हरियाणा के इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, ओलावृष्टि को लेकर भी अलर्ट जारी
चंडीगढ़ :- हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। आज पश्चिमी विक्षोभ फिर से एक्टिव हो गया है। इसके चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी शुरू हो गई है, जबकि कुछ जिलों में लगातार बादल छाए हुए है और तेज हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश में 1 मार्च तक बारिश हो सकती है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
बता दें कि जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, झज्जर, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। इनमें से पानीपत में आज सुबह से तेज हवा के साथ बूंदाबांदी जारी है। वहीं जींद और झज्जर में भी सुबह 5 बजे से हल्की बारिश हो रही है। कई जिलों में भी बादल छाए हुए हैं।
किसानों को हो सकता है भारी नुकसान
वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को खतरा बना हुआ है। इससे फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस समय गेहूं की फसल पक कर तैयार हो चुकी है। यदि ऐसे में ओले गिरे तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।