हरियाणा में फिर बदलने जा रहा है मौसम का मिजाज, बुधवार से इन 12 जिलों में लू का येलो अलर्ट
हिसार :- हरियाणा में मंगलवार को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन बुधवार से गर्मी और लू दोबारा अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर देंगे। हाल ही में हुई हल्की बारिश के चलते फिलहाल मौसम में थोड़ी राहत जरूर है, लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है। सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां अधिकतम तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। राज्यभर में औसतन तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई है।
बुधवार से 12 जिलों में लू का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 अप्रैल यानी बुधवार से लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस चेतावनी के दायरे में प्रदेश के 12 जिले शामिल हैं—सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात। जबकि 10 जिलों में फिलहाल हीटवेव का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
पिछले 24 घंटे में तापमान में उतार-चढ़ाव
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तापमान में बदलाव देखने को मिला है। भिवानी में सबसे ज्यादा 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान बढ़कर 38.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं, करनाल में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली, जहां तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस कम होकर 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की सलाह
राज्य में लू की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय सीधी धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।