आज से हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं की संभावना
चंडीगढ़ :- हरियाणा में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं तेज धूप तो कहीं अचानक तेज हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो आज रात से प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, वहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मंगलवार को सिरसा हरियाणा का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में औसतन 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी तापमान में दर्ज की गई है, जिससे गर्मी और भी ज्यादा महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे हरियाणा में मध्यम से तेज गति की हवाएं चल सकती हैं। कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट भी सुनाई दे सकती है। हालांकि 17 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच प्रदेश में मौसम सामान्य तौर पर शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है और गर्मी का असर तेज हो सकता है।
पिछले 24 घंटे के मौसम पर नजर डालें तो प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम के बदलते तेवरों को देखते हुए सतर्क रहें, खासकर दोपहर के समय जब तेज गर्मी और लू का असर बढ़ जाता है।