हरियाणा में आज रात से बदल जाएगा मौसम, झमाझम बारिश दिलाएगी भीषण गर्मी से राहत
चंडीगढ़ :- हरियाणा के लोग इन दिनों भीषण गर्मी से परेशान हैं। प्रदेश में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। ये ही वजह है कि मंगलवार को सिरसा जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी बीच मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि आज कैथल, करनाल, जींद, पानीपत में लू चलेगी। इसके अलावा सोनीपत, झज्जर, रेवाडी, महेंद्रगढ़, गुरूग्राम, फ़रीदाबाद, पलवल, मेवात और सिरसा में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। वहीं फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और रोहतक में भी हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी में रात बाकी दिनों की तुलना में ज्यादा गर्म होगी।
10 अप्रैल से बदलेगा हरियाणा का मौसम
वहीं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने मौसम का लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। उन्होंंने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 9 अप्रैल तक ड्राई रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। जिसके चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 9 अप्रैल की रात से मौसम बदलना शुरू हो जाएगा। इससे हरियाणा में 10 अप्रैल और 11 अप्रैल को ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाएंगे रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की की संभावना है। इस बारिश के बाद 12 और 13 अप्रैल तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
इसके अलावा मौसम विभाग ने भी 10 अप्रैल का बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिलेगी। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।